गाजीपुर के गहमर कोतवाली क्षेत्र के बरेजी गांव में मनबढ़ द्वारा महिलाओं के साथ की गई मारपीट और महिलाओं पर बढ़ती हिंसा के विरोध में सोमवार को अखिल भारतीय प्रगतिशील महिला एसोसिएशन (एपवा) की कार्यकर्ताओं ने सरजू पांडेय पार्क में धरना दिया। साथ ही राष्ट्रपति को संबोधित पत्र सदर तहसील के नायब तहसीलदार अजय वर्मा को सौंपा। अध्यक्षता करते हुए मूर्ति देवी ने कहा कि गहमर कोतवाली के बरेजी गांव में मनबढ़ द्वारा महिलाओं पर जानलेवा हमला किया गया, लेकिन हमलावरों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। मोहनी देवी ने कहा कि अगर पत्रक पर प्रभावी कदम नहीं उठाया जाता है, तो आंदोलन को धार देने का काम किया जाएगा। इस मौके पर सुंदरी देवी, शशिकला देवी, चंदनी देवी, योगेंद्र भारती, रामाशीष बिंद, सदानंद पटेल आदि मौजूद रहे।