शादी समारोह, मैरिज हॉल, अस्पताल और नर्सिंग होम जैसे भीड़ वाले स्थानों से दोपहिया वाहन चोरी करने वाले अंतर जनपदीय बाइक चोरों के गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एसपी विनय कुमार सिंह ने बुधवार को पुलिस लाइन के सभागार में बताया कि स्वाट टीम और जंगीपुर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 15 मोटरसाइकिल, एक बाइक का इंजन और कटे हुए पुर्जे बरामद किए गए हैं। आरोपी वाहन चोरी करने के बाद अलग-अलग स्थानों पर छिपाते थे। फिर उनके पुर्जे काटकर बेच देते थे।