राष्ट्रीय बैडमिंटन दिवस के अवसर पर जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन रविवार की शाम को शहर के गोराबाजार स्थित नेहरू स्टेडियम के इंडोर हॉल में किया गया। प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों में जिले भर के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। अंडर-13 जूनियर बालकों के एकल मुकाबले में आयुष बिंद ने रोमांचक मैच में आयुष यादव को 15-17, 18-16 से हराकर खिताब अपने नाम किया। जिला बैडमिंटन संघ के सचिव संतोष कुमार वर्मा ने बताया कि अंडर-17 के एकल वर्ग में अनिरुद्ध यादव ने सत्यम मौर्य को 15-13, 17-15 से तथा बालकों के अंडर-17 युगल वर्ग में सत्यम और रुद्रा की जोड़ी ने फरहान और अजीज की जोड़ी को सीधे सेटों में 15-10, 15-8 से हराया। बालिका वर्ग के एकल मुकाबले में श्रेया ने रोहिणी यादव को 15-13, 15-12 और मिश्रित युगल में अनिरुद्ध और श्रेया की जोड़ी ने अंश और आकांक्षा की जोड़ी को 15-10, 15-9 से हराकर खिताब जीता।