गाजीपुर जिले के खानपुर थाना क्षेत्र के बहुरा मड़ई गांव निवासी संविदा लाइनमैन की शनिवार सुबह 11 हजार वोल्ट की विद्युत लाइन पर मरम्मत कार्य के दौरान करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए खानपुर विद्युत उपकेंद्र के समीप बिहारीगंज-चंदवक मार्ग पर शव रखकर करीब दो घंटे तक चक्का जाम किया। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई, मृतक के परिजनों को मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की।