फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज की 200 शैय्या बिल्डिंग में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर का मंगलवार को प्राचार्य डॉ. योगेश गोयल ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जब उन्होंने अल्ट्रासाउंड मशीन को देखा, तो वह धूल और गंदगी से भरी हुई थी। इस पर प्राचार्य ने वार्ड बॉय से कपड़ा मंगवाया और खुद मशीन को साफ करना शुरू कर दिया। उन्होंने स्टाफ नर्स को भी बताया कि सफाई का सही तरीका क्या होता है और मशीन को किस तरह साफ-सुथरा रखा जाना चाहिए। निरीक्षण के दौरान समय से न पहुंचने वाले स्टाफ को डॉ. गोयल ने फटकार भी लगाई। उन्होंने साफ कहा कि लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मरीजों की सुविधाओं में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए। प्राचार्य के इस व्यवहार को देखकर मरीजों और तीमारदारों ने सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे स्टाफ में भी जिम्मेदारी का भाव बढ़ेगा।