संपूर्ण समाधान दिवस पर एसडीएम के चालक से लेनदेन के विवाद का मामला एडीएम सुभाष चंद्र प्रजापति के समक्ष पहुंच गया। एडीएम ने चालक से नाराजगी जताते हुए निलंबन की कार्रवाई की चेतावनी दी। शनिवार को तहसील सभागार में एडीएम जनसुनवाई कर रहे थे। गांव छतरई निवासी अभिषेक कुमार ने शिकायत की। कहा कि उन्होंने एक ग्रामीण के जरिए 28 दिसंबर को एसडीएम के चालक राकेश कुमार के पास बाइक व मोबाइल 35 हजार रुपये में गिरवी रख दिया। दो जनवरी को पूरा पैसा ब्याज सहित देने को वह तैयार हो गए, लेकिन चालक राकेश उनकी बाइक व मोबाइल देने को तैयार नहीं है। शुक्रवार को जब उनसे फोन पर बात की तो उन पर अधिकारी के चालक होने का रौब दिखाते हुए थाने में बंद कराने की धमकी दे डाली। इस पर एडीएम ने चालक को बुलाकर नाराजगी जताते हुए मामले को निपटाने की हिदायत दी। गांव महमदीपुर निवासी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि गांव में सरकारी नलकूप लंबे समय से खराब पड़ा है। कई बार शिकायत के बाद भी सुनवाई नहीं हुई।