एटा के अलीगंज सीएचसी सभागार में आयोजित क्लस्टर बैठक में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता बीपीएम दिव्यांशी भदौरिया ने की। इसमें क्षेत्र की आशा कार्यकर्ताओं को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान बीपीएम दिव्यांशी भदौरिया ने आशा कार्यकर्ताओं से कहा कि आभा आईडी बनाने के कार्य में तेजी लाई जाए। उन्होंने बताया कि आभा आईडी बनने से मरीजों के इलाज से जुड़ी जानकारी डिजिटल रूप में सुरक्षित रहती है, जिससे भविष्य में उपचार के दौरान चिकित्सकों को आवश्यक जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और संभावित मरीजों की पहचान के लिए घर-घर सर्वे करने के निर्देश भी दिए।