एटा के जलेसर में बुधवार दोपहर बाद मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दोपहर ठीक चार बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश ने पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से आम जनमानस को बड़ी राहत पहुंचाई। बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों ने चैन की सांस ली। एक तरफ जहां बारिश ने लोगों को गर्मी से राहत दिलाई, वहीं दूसरी तरफ नगर के कई प्रमुख स्थानों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश का पानी निकासी न होने के कारण सड़कों और गलियों में भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जल निकासी के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण हर हल्की-फुल्की बारिश में भी ऐसी समस्याएं आम हो जाती हैं। बरसात के इस मौसम में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। नगर के मोहल्ला किला पर बच्चों ने बारिश का जमकर आनंद लिया। सड़क और गलियों में जमा हुए पानी के बीच बच्चे खूब नहाते और मस्ती करते नजर आए, जिससे माहौल पूरी तरह से खुशनुमा हो गया।