एटा के अलीगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पिपहरा में चारागाह की जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर रखा था। बुधवार को राजस्व विभाग और पुलिस ने जमीन को कब्जा मुक्त कराया। उपजिलाधिकारी अलीगंज विपिन कुमार मोरल के निर्देश पर नायब तहसीलदार हिमांशु पांडेय पुलिस के साथ ग्राम पिपहरा पहुंचे। चारागाह की जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कराया। नायब तहसीलदार ने बताया कि लाखों रुपये कीमती चारागाह की जमीन पर अवैध रूप से चहारदीवारी कर कब्जा कर लिया गया था। पूर्व में नोटिस भी दिए थे, लेकिन कब्जा नहीं हटाया गया। इस चहारदवारी को गिरवाकर जमीन को कब्जा मुक्त करा राज्य सरकार में निहित कर दिया गया है। आरआई ओम नमो नारायण, लेखपाल प्रदीप आदि मौजूद रहे।