एटा में भाजपा के पूर्व विधायक ममतेश शाक्य को अज्ञात व्यक्ति ने फोन कर जान से मारने की धमकी दी है। पहले कॉल की और बाद में व्हाट्सएप पर डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ का उनका फोटो भेजकर धमकी दी। रविवार को एसएसपी से मुलाकात कर पूर्व विधायक ने जानकारी दी। इस पर पुलिस ने आरोपी की पहचान और तलाश शुरू कर दी है। पूर्व विधायक ने बताया कि करीब 20 दिन तक वह बिहार में पार्टी के चुनाव प्रचार में रहे। धमकी भरा कॉल शनिवार की शाम उस समय आया जब वह अपने परिवार के साथ निजी वाहन से आगरा जा रहे थे। शाम करीब पांच बजे फोन पर आए अज्ञात कॉलर ने गालीगलौज की। धमकी भरे लहजे में कहा कि तूने केशव प्रसाद मौर्य के साथ बिहार में प्रचार ठीक नहीं किया। परिवार के साथ होने की वजह से उन्होंने कॉल काट दिया। इसके बाद वह लगातार फोन करता रहा। एक बार फिर बात हुई तो उसने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। बाद में भी वह करीब 15 बार कॉल करता रहा जिसे उन्होंने रिसीव नहीं किया। घर पहुंचकर देखा तो उसने व्हाट्सएप पर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के साथ उनकी फोटो भेजी। इसके साथ ही गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी का मैसेज भेजा। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन से ठोस कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी से मुलाकात के समय भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप जैन, प्रदीप भामाशाह आदि पदाधिकारी साथ रहे। भाजपा पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं में इस घटना से रोष है। उनका कहना है कि चुनावी गतिविधियों को लेकर इस तरह की धमकियां लोकतांत्रिक व्यवस्था पर हमला है। पुलिस प्रशासन से आरोपियों की शीघ्र पहचान कर कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है। एसएसपी ने बताया कि पूर्व विधायक ने मिलकर मामले की जानकारी दी है। उनकी शिकायत के आधार पर सर्विलांस टीम को मोबाइल नंबर व उसके उपयोगकर्ता की पहचान के लिए लगाया गया है।