एटा के शहीद पार्क में आदर्श दिव्यांग उत्थान समिति की ओर से बुधवार को विश्व दिव्यांग दिवस पर सम्मेलन का आयोजन किया गया। इसमें नृत्य, गायन, रंगोली, साइकिल दौड़, रिक्शा दौड़ व दिव्यांग दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में दिव्यांगों की प्रतिभा देख लोग चौंक गए। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, पूर्व पालिकाध्यक्ष राकेश गांधी व प्रेमलता डेविड, नायब तहसीलदार सतीश चंद्र ने शुभारंभ किया। दिव्यांगजन के मनोबल की सराहना करते हुए उनके आत्मविश्वास व प्रतिभा को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। समिति के प्रबंधक सचिव जीकेआरएस राजपूत ने कहा कि समिति द्वारा हर वर्ष विश्व दिव्यांग दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है ताकि दिव्यांगजन में आत्मबल और सामाजिक सहभागिता बढ़ सके। गायन प्रतियोगिता में रूपवती ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। साइकिल दौड़ में आसाराम ने बाजी मारी। नृत्य प्रतियोगिता में रीना को पहला स्थान मिला। रंगोली प्रतियोगिता में शीला देवी ने अपनी कला से सभी को प्रभावित किया। रिक्शा दौड़ में मनोज विजेता बने। वहीं दिव्यांग दौड़ में त्रिवेंद्र ने पहला स्थान हासिल किया। समाजसेवी रचना वर्मा ने दिव्यांगजन को कंबल वितरित किए। कार्यक्रम में पुष्पेंद्र राजपूत, छविनाथ सिंह यादव, शैलेश मोहन, लोकेंद्र सिंह कठेरिया, त्रिभुवन सिंह, विनोद, रामश्री, अंजू आदि दिव्यांगजन मौजूद रहे।