एटा के जलेसर में कोरोना काल में बंद हुई ट्रेनों के ठहराव की मांग करते हुए किसानों ने बुधवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। एसडीएम के माध्यम से प्रधानमंत्री को भेजे ज्ञापन में बंद ट्रेनों का ठहराव न होने से किसानों की समस्याओं के बारे में बताया गया है। ज्ञापन में कहा गया है कि कोरोना काल में जलेसर रोड रेलवे स्टेशन पर अनेक एक्सप्रेस का ठहराव बंद कर दिया गया था। उस समय आवागमन कम होने पर ठहराव बंद किया गया था। इसके बाद से ट्रेन सामान्य स्थिति होने पर भी नहीं रुक रहीं हैं। इससे क्षेत्र के किसान प्रभावित हैं। किसानों ने एसडीएम भावना विमल काे बताया कि कोरोना काल में मुरी और महानंदा एक्सप्रेस का ठहराव बंद कर दिया गया था। ज्ञापन में अलीगढ़ से कानपुर सेंट्रल एवं बांदीकुई बरेली पैसेंजर ट्रेन का फिर से संचालन की मांग की है। बरेली पैसेंजर ट्रेन बंद होने से जलेसर और सादाबाद क्षेत्र के किसान और व्यापारी प्रभावित हैं। राजघाट गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा स्नान को इस ट्रेन से आते-जाते थे। किसानों ने 15 जून तक महानंदा और मुरी एक्सप्रेस शुरू न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। लखन यादव, गुलशन ठाकुर, मुकेश यादव, संजू रजा, विशाल कुमार, पप्पू यादव आदि मौजूद रहे।