एटा में जीटी रोड स्थित जिला कार्यालय पर बुधवार को भाजपा ने आपातकाल की 50वीं बरसी मनाई। चित्र प्रदर्शनी लगाकर इस आपातकाल को लोकतंत्र की हत्या का प्रयास बताया। साथ ही जिले के 12 लोकतंत्र सेनानियों को सम्मानित किया। क्षेत्रीय उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य ने कहा कि 25 जून 1975 की आधी रात को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आंतरिक अशांति का बहाना बनाकर भारत पर आपातकाल थोप दिया था। आज के ही दिन लोकतंत्र की हत्या का प्रयत्न किया गया। आज की पीढ़ी को पता चलना चाहिए कि उस समय की सरकार ने क्या-क्या किया। यह निर्णय सत्ता बचाने की हताशा में लिया गया था। जब-जब उनकी सत्ता संकट में होती है वे संविधान और देश की आत्मा को ताक पर रखने से पीछे नहीं हटते। उन्होंने कहा कि आपातकाल लागू कर संसद और न्यायपालिका को पुतला बना दिया गया। पूरे राष्ट्र को मौलिक अधिकारों से वंचित कर दिया गया। आज 50 वर्ष बाद भी कांग्रेस उसी मानसिकता के साथ चल रही है और आज भी नीयत वैसी ही है।