एटा में प्रेम-प्रसंग में चाची-भतीजे ने एक ही साड़ी के दोनों छोर से फंदा लगाकर जान दे दी। दोनों के शव बुधवार की सुबह दूसरे गांव की सीमा में एक पेड़ पर लटके मिले। सूचना मिलते ही सीओ सकीट कीर्तिका सिंह और मलावन थाना प्रभारी आरके सिंह मौके पर पहुंच गए। जब घटना स्थल देहात कोतवाली में निकला तो वहां की पुलिस, फोरेंसिक और डॉग स्क्वाड टीम भी मौके पर आ गई। साक्ष्य संकलन के साथ ही गहनता के साथ मामले की छानबीन की जा रही है। थाना मलावन क्षेत्र के गांव पुरा निवासी रामेंद्र सिंह ने बताया कि बेटा रमन का लगभग 3 वर्ष से परिवार की ही चाची रोशनी के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कई बार समझाने के बाद भी दोनों लोग नहीं माने तो रमन का विवाह एक दूसरी लड़की के साथ लगभग 6 माह पूर्व कर दिया। उसके बाद भी इनके बीच प्रेम-प्रसंग कायम रहा। मंगलवार को गांव में दावत थी और दोनों वहां मिलने के बाद लापता हो गए। रात के 12 बजे तक इनको परिजन ने ढूंढ़ा मगर कोई सुराग नहीं लगा। सुबह लगभग 5:30 बजे कोतवाली देहात के गांव सरदलगढ़ की सीमा में एक पेड़ पर दो शव लटके होने की सूचना मिली तो गांव पुरा के प्रधान योगेश राजपूत व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। देखा तो एक ही साड़ी के दोनों छोर का फंदा बनाकर रमन और रोशनी लटक रहे थे। इनके शरीर कमर पर शॉल से एक दूसरे के साथ बंधे हुए थे। पुलिस के साथ पहुंची फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए।