दो वाहनों से बिहार ले जायी जा रही 69 पेटी शराब बरामद - बनकटा पुलिस ने मुखबीर की सूचना पर की कार्रवाई संवाद न्यूज एजेंसी देवरिया। बनकटा पुलिस ने बार्डर इलाके में चेकिंग के दौरान दो वाहनों से 69 पेटी शराब बरामद किया है। इन वाहनों पर लदी शराब बिहार ले जायी रही थी, जिसे पुलिस ने वाहनों की चेकिंग के दौरान बरामद कर दिया। दोनो वाहनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। बनकटा थानाक्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग चौहान टोला के पास से पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कालेज रंग की स्कार्पियो को संदेह के आधार पर पुलिस ने रोका। स्कार्पियों की तलाशी के दौरान 37 पेटी ग्लोबल स्पिरिट (कुल मात्रा 333 लीटर) बरामद किया गया। शराब को अवैध रुप से बिहार ले जाया जा रहा था। वाहन चालक पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा। पुलिस ने वाहन स्वामी व अज्ञात चालक के विरुद्ध बनकटा थाने में प्राथमिकी दर्ज किया है। वहीं बनकटा थानाक्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग के पास एक चेकिंग के दौरान एक ट्रक से 32 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब (390 बोतल में 300 लीटर) बरामद करते हुए 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।