चित्रकूट के मानिकपुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। ऊंचाडीह संपर्क मार्ग पर सुभाषनगर मोहल्ले के पास गल्ले से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर बिजली के दो से तीन खंभों से टकरा गया। टक्कर के बाद खंभे सड़क पर गिर गए और 11000 वोल्ट की लाइन प्रभावित हो गई। मोहल्ले के लोगों की सतर्कता से तुरंत विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। खंभे गिरने और ट्रक के सड़क पर फंसने से ऊंचाडीह मार्ग करीब तीन घंटे तक बाधित रहा और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।