चित्रकूट जिले में सावन माह के पहले सोमवार के पावन अवसर पर धर्मनगरी चित्रकूट में आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। रामघाट स्थित प्राचीन स्वामी मतगजेंद्र नाथ मंदिर में भगवान शिव की पूजा-अर्चना करने के लिए श्रद्धालुओं का विशाल हुजूम उमड़ पड़ा। भोर होते ही भक्त मंदाकिनी नदी के पवित्र रामघाट पर स्नान के लिए पहुंचने लगे और उसके बाद लंबी कतारों में लगकर स्वामी मतगजेंद्र नाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक और पूजन किया।