चंदौली जिले में निर्माणाधीन मुगलसराय-चकिया मार्ग पर बबुरी थाना क्षेत्र के छलका के पास जल निकासी की व्यवस्था न होने से नाराज़ ग्रामीणों ने सोमवार को चक्का जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों का आरोप था कि सड़क निर्माण कार्य अधूरा और त्रुटिपूर्ण तरीके से किया जा रहा है। यदि समय रहते जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की गई, तो बरसात के दौरान नदी में बाढ़ आने पर आसपास के खेतों और घरों में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो जाएगी। ग्रामीणों का कहना था कि इस संबंध में कई बार अधिकारियों को शिकायत दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पूर्व में मिले आश्वासनों से निराश होकर ग्रामीण सड़क पर उतर आए और चक्का जाम कर विरोध जताया।