चंदौली जिले के बबुरी के नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में सोमवार की दोपहर पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह बबलू एवं खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का आह्वान किया। ब्लॉक प्रमुख संजय सिंह बबलू ने कहा कि पेड़-पौधे मानव जीवन का आधार हैं। स्वच्छ पर्यावरण, शुद्ध वायु और संतुलित जलवायु के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के माध्यम से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी सुरक्षा और देखभाल करना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण मिल सकेगा। खंड विकास अधिकारी शशिकांत पांडेय ने बताया कि विकासखंड में इस वर्ष 2.32 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश स्तर पर 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य रखा गया है, जिसे मुख्यमंत्री के निर्देशन में सफलतापूर्वक पूरा किया जाएगा।