राजकीय महाविद्यालय नौगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के तीसरे दिन गुरुवार को नशा मुक्ति भारत अभियान के अंतर्गत संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने नशे से मानव जीवन पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। संगोष्ठी के मुख्य वक्ता डॉ. देवेश कुमार यादव ने स्वयंसेवी छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने और समाज को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को जागरूक होकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए आगे आना चाहिए। महाविद्यालय के प्राचार्य एवं कार्यक्रम अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने अपने संबोधन में नशे को एक गंभीर सामाजिक बुराई बताते हुए कहा कि यह व्यक्ति के शरीर, मन और समाज को बुरी तरह प्रभावित करता है। नशे की लत इंसान को आत्म-नियंत्रण से दूर कर धीरे-धीरे विनाश की ओर ले जाती है, इसलिए नशा मुक्ति अभियान अत्यंत आवश्यक है। संगोष्ठी के बाद स्वयंसेवी छात्राओं ने सेमरा कुशही गांव में रैली निकालकर ग्रामीणों को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। रैली के दौरान छात्राओं ने नारे और स्लोगन के माध्यम से लोगों को जागरूक किया और नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प दिलाया। इस अवसर पर डॉ. कृष्ण कुमार, मनीष राज बावरे, महेंद्र कुमार सहित महाविद्यालय के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में स्वयंसेवी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।