धीना क्षेत्र के सबल जलालपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत धीना बाजार के पास स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र तक आज भी सड़क सुविधा नहीं पहुंच पाई है। लगभग 20 वर्ष पूर्व बने इस स्वास्थ्य केंद्र तक जाने के लिए अब तक कोई पक्का रास्ता नहीं बन सका है। मजबूरन ग्रामीणों और मरीजों को पगडंडियों के सहारे स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचना पड़ता है। ग्रामीण धनंजय सिंह, राजेश सिंह, अंबिका, गुड्डू, पप्पू और विजय सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस स्वास्थ्य केंद्र पर क्षेत्र की महिलाओं व बच्चों का इलाज किया जाता है और प्रसव पीड़ा होने पर प्रसव भी कराया जाता है। लेकिन स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचने के लिए समुचित मार्ग नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ग्रामीणों के अनुसार मुख्य सड़क से लगभग 100 मीटर अंदर खेतों के बीच स्थित इस केंद्र तक गर्भवती महिलाओं और मरीजों को खेतों की पगडंडियों से होकर किसी तरह पहुंचना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि आजादी के सात दशक बाद भी इस स्वास्थ्य केंद्र को अपना रास्ता नसीब नहीं हो सका है। ग्राम पंचायत सबल जलालपुर के अंतर्गत अस्पताल तक जाने वाला चकमार्ग नक्से में आज भी दर्ज है, लेकिन अब तक किसी भी प्रधान द्वारा उसका निर्माण नहीं कराया गया। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी बरहनी रत्नेश कुमार ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं था। फिलहाल खेतों में गेहूं की फसल लगी होगी। फसल कटने के बाद ग्राम पंचायत निधि से रास्ता बनवाने का प्रयास किया जाएगा।