पीडीडीयू नगर सहित पूरे जिले में देव दीपावली का पर्व शुक्रवार को उत्साह के साथ मनाया गया। गंगा घाट, सरोवर तट और मंदिरों पर लोगों ने दीपदान किया। एक साथ हजारों दीपों की लौ ने अलौकिक छटा बिखेरी। लौ की आभा को निहारने के लिए तटों पर लोग पहुंचे। इस मौके पर जगह जगह सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। वहीं लोगों ने आतिशबाजी भी की। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा को देवों की दीपावली होती है। देवताओं की दीपावली में दीप सजाने में कोई पीछे नहीं रहा। लोगों ने शुक्रवार की शाम तालाब, सरोवर और गंगा तट पर दीप मालिका सजाई और आतिशबाजी की। एक साथ हजारों दीपों की लौ ने स्वर्गीय नजारा धरती पर दिखाया। लोग इस अद्भूत पल को निहारने के लिए पहुंचे। नगर के मानसरोवर तालाब पर श्रीश्री सूर्यदेव मंदिर छठ पूजा सेवा न्यास की ओर से देव दीपावली का आयोजन किया गया। समिति के सदस्यों ने सरोवर तट की सफाई की। सूर्य अस्त होते ही नागरिकों का हुजूम सरोवर तट पर पहुंचने लगा। युवतियों ने सरोवर तट पर आकर्षक रंगोली सजाई और दीपदान किया। युवतियों ने सरोवर तट पर आकर्षक रंगोली सजाई वहीं समिति के सदस्यों ने घाटों को दीपक से सजाया। इस दौरान पूरे तट को 21 हजार से अधिक दीप जलाए गए। इस मौके पर समिति के अध्यक्ष कृष्णा गुप्ता की देख रेख में समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे। इसी तरह दामोदरदास पोखरा नई बस्ती, आरपीएफ कॉलोनी तालाब पर भी दीप मालिकाएं सजाई गई। वहीं नगर के रविनगर काली मंदिर, कैलाशपुरी स्थित शिव मंदिर, आरपीएफ कॉलोनी स्थित शिव मंदिर पर दीप भी सजाए गए। यहां 11 हजार दीपक जलाए गए। इसी तरह दामोदरदास पोखरे पर भी दीपदान किया गया। नगर के कैलाशपुरी स्थित शिव मंदिर पर संस्कार भारती की ओर से दीपदान किया गया। वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। इसी तरह रविनगर स्थित काली मंदिर, आरपीएफ कॉलोनी स्थित शिव मंदिर, काली मंदिर के साथ मालगोदाम पोखरा, सट्टी स्थित हनुमान मंदिर पर भी दीप माला सजाई गई। धानापुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के नरौली स्थित गंगा घाट पर देव दीपावली (कार्तिक मास की पूर्णिमा) पर 31 हजार दीप जलाए गए। वेद पाठशाला के बटुकों और क्षेत्रीय लोगों ने 31 हजार दीप जलाए गए।