विकासखंड के धपरी गांव स्थित शिवलिंग प्राकट्य स्थल पर बृहस्पतिवार को श्री प्रकटेश्वर महादेव मंदिर के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच हुआ। इसका शुभारंभ गाजीपुर के सिद्धपीठ हथियाराम मठ के पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर भवानीनन्दन यति, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल और जिला सामाजिक सद्भाव प्रमुख बद्री प्रसाद सिंह ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना कर किया। संतों ने कहा कि यह स्थल क्षेत्र की आस्था का केंद्र बनेगा और समाज में आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करेगा। पिछले वर्ष जुलाई माह में एक निर्माण कार्य की नींव की खोदाई के दौरान शिवलिंग प्राप्त हुआ था। शिवलिंग मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में उत्साह के साथ ही कुछ विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो गई थी। प्रशासन और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप से मामले को सुलझाने का प्रयास किया गया। 9 सितंबर 2025 को आपसी सहमति और शांतिपूर्ण वार्ता के माध्यम से विवाद का समाधान कर लिया गया। समाधान के बाद मंदिर निर्माण की रूपरेखा तैयार की गई। ग्रामीणों और श्रद्धालुओं के सहयोग से अब औपचारिक रूप से निर्माण कार्य शुरू हो गया है। आयोजन के दौरान भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का भी कार्यक्रम हुआ। स्थानीय लोगों ने बताया कि मंदिर बनने से धपरी गांव धार्मिक पर्यटन के रूप में भी विकसित हो सकेगा तथा क्षेत्र में सामाजिक सौहार्द और एकता को बल मिलेगा। इस मौके पर सांसद दर्शना सिंह, सांसद साधना सिंह, सीओ कृष्णमुरारी शर्मा, स्वामी रूपेश्वरानन्द, मंदिर निर्माण समिति अध्यक्ष संदीप सिंह, राणाप्रताप सिंह, सुरेंद्र सिंह, काशीनाथ सिंह आदि मौजूद रहे।