चंदौली जिले के प्राथमिक विद्यालय शिवपुर, सकलडीहा की सहायक अध्यापिका पूनम गुप्ता इन दिनों सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई हैं। बच्चों को मनोरंजक और रचनात्मक तरीके से पढ़ाने का उनका अंदाज़ लोगों को खूब पसंद आ रहा है, जिसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि सहायक अध्यापिका पूनम गुप्ता कभी अंत्याक्षरी के माध्यम से बच्चों को शब्द ज्ञान बढ़ाने और नए-नए शब्द सीखने के लिए प्रेरित कर रही हैं, तो कभी विभिन्न पौधों की पत्तियों से बच्चों से आर्ट बनवाकर उनकी रचनात्मकता को निखार रही हैं। इस तरह खेल-खेल में पढ़ाई कराकर वे बच्चों की रुचि और समझ दोनों को मजबूत कर रही हैं। उनके इस नवाचार की सराहना खुद बेसिक शिक्षा अधिकारी सचिन कुमार ने भी की है। बीएसए ने अपने एक्स (पूर्व ट्विटर) हैंडल से वीडियो साझा करते हुए सहायक अध्यापिका के शिक्षण तरीके की प्रशंसा की और इसे बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरणादायक बताया। शिक्षिका पूनम गुप्ता के इस प्रयास से न केवल बच्चों में सीखने की रुचि बढ़ रही है, बल्कि अन्य शिक्षकों के लिए भी यह एक सकारात्मक उदाहरण बनकर सामने आया है।