यातायात माह के बावजूद मुख्य मार्गों पर प्रतिदिन राहगीरों और वाहन चालकों को जाम की स्थिति से गुजरना पड़ रहा है। खासतौर पर अलीनगर-सकलडीहा मार्ग और अलीनगर जीटी रोड के इंडियन ऑयल गेट के समीप टैंकर खड़े होने से यह समस्या बनी रहती है। स्थानीय लोग बताते हैं कि टैंकरों के खड़े रहने से न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि राहगीरों और छोटे वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा भी बढ़ जाता है। इंडियन ऑयल अलीनगर, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के सरेसर पेट्रोल पंप पर प्रतिदिन सैकड़ों टैंकर तेल भरने के लिए लंबा इंतजार करते हैं। पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण ये टैंकर मुख्य मार्गों पर खड़े हो जाते हैं। स्थानीय निवासी रविकांत मिश्रा ने कहा टैंकर खड़े होने के कारण दिनभर जाम लगता रहता है। स्कूल जाने वाले बच्चे, कार्यालय जाने वाले लोग और रोजमर्रा की जरूरतों के लिए निकलने वाले ग्रामीण लगातार परेशान हैं। छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी रोजाना हो रही हैं।" स्थानीय थाने में इसकी शिकायत कई बार की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार पांडेय ने बताया कि इस मामले को ध्यान में रखते हुए अभियान चलाकर टैंकरों को सड़क से हटाने का कार्य जल्द किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन जल्द प्रभावी कदम उठाकर मुख्य मार्गों पर यातायात सुगम बनाएगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्गों पर टैंकर खड़े होने से होने वाले जाम और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पेट्रोल पंप संचालकों को पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए और प्रशासन को नियमित रूप से निगरानी रखनी चाहिए। ग्रामीणों और राहगीरों की मांग है कि जल्द ही इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि मुख्य मार्गों पर रोजाना जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति न बने।