फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पराली की चिंगारी बनी कहर, 14 घर राख, दो मासूम झुलसीं, चार बकरियों की मौत; VIDEO

Aman Vishwakarma Updated Thu, 23 Apr 2026 01:44 PM IST

धीना थाना क्षेत्र के तम्मागढ़ गांव में बुधवार दोपहर भीषण आग ने ऐसी तबाही मचाई कि 14 घर जलकर राख हो गए। पराली की आग तेज हवा के साथ दो किलोमीटर दूर बस्ती में पहुंच गई वहां गैस सिलेंडर विस्फोट ने आग को और भयंकर बना दिया, जिससे दलित बस्ती के कई परिवार बेघर हो गए। हादसे में दो मासूम बच्चियां झुलस गईं, जबकि चार बकरियों की मौत हो गई। सुबह करीब 10 बजे सबल जलालपुर–रहपुरी गांव के पास खेतों में पराली या झाड़-झंखाड़ जलाया गया था। तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब दो किलोमीटर दूर स्थित तम्मागढ़ गांव तक पहुंच गई। दोपहर करीब 2 बजे जब लोग भीषण गर्मी और लू से बचने के लिए अपने घरों में थे, तभी अचानक आग बस्ती में फैल गई। देखते ही देखते लपटों ने कई कच्चे घरों को अपनी चपेट में ले लिया और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाकर घरों से बाहर भागे, लेकिन आग की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई घरों की गृहस्थी पूरी तरह जल गई। आग की लपटें धर्मेंद्र राम के घर तक पहुंचीं, जहां रखा गैस सिलेंडर विस्फोट हो गया। इस धमाके के बाद आग और तेजी से फैल गई और देखते ही देखते 14 घर इसकी चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में शीला देवी समेत मासूम बच्चियां खुशबू (4 वर्ष) और उजाला (3 वर्ष) झुलस गईं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके अलावा चार बकरियां भी आग की चपेट में आकर मर गईं। आग में दो होंडा मोटरसाइकिल, एक स्प्लेंडर बाइक, कई साइकिलें और घरों में रखा अनाज, कपड़े व अन्य जरूरी सामान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। प्रभावित परिवारों में सचनु राम, ज्वाला राम, बब्बन, अशोक, श्रीकृष्ण, रूपचंद, रामनरेश, मोती, गंगा, धर्मेंद्र, सक्कन, श्याम, चंद्रावती और उमाशंकर समेत कई लोग शामिल हैं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब चार घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलते ही हल्का लेखपाल अविनाश पांडेय मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। बताया किपरिवारों के नुकसान का आकलन कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें