संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत निरीक्षण पर पहुंचे नीति आयोग के प्रतिनिधि शिवम मिश्रा ने बुधवार को प्राथमिक विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों और स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण किया। बर्थरा खुर्द स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में शौचालय पर ताला बंद देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और निर्देश दिया कि स्कूल समय में बच्चों को शौचालय उपलब्ध कराया जाए। निरीक्षण के दौरान प्रतिनिधि ने फगुइयां के प्राथमिक विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र में शिक्षण गुणवत्ता, निपुण तालिका, बच्चों की उपस्थिति, कक्षा वातावरण और साफ–सफाई का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर हिंदी और गणित के स्तर की जांच भी की। मिड-डे मील की गुणवत्ता, मेन्यू के अनुरूप भोजन मिलने, स्वच्छता और पानी-शौचालय की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। आंगनवाड़ी में बच्चों की उपस्थिति, पोषाहार वितरण, वजन रिकॉर्ड और खेल-खेल में शिक्षा से जुड़े संचालन की जांच करते हुए कार्यकर्ताओं को अभिभावकों से नियमित संपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए। इसके बाद आयुष्मान आरोग्य मंदिर फगुइयां और उच्चीकृत उप केंद्र फगुइयां में गर्भवती महिलाओं की जांच, टीकाकरण, पोषण सेवाओं, दवा उपलब्धता और स्वास्थ्य कार्ड वितरण की स्थिति देखी गई। प्राथमिक विद्यालय बर्थरा खुर्द के निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र के शौचालय में ताला बंद मिला, जिस पर नीति आयोग प्रतिनिधि ने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई और तुरंत व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।