मुगलसराय भाजपा विधायक रमेश जायसवाल ने बृहस्पतिवार को ग्राम सभा पुरैनी पहुंचकर जल निकासी से जुड़ी समस्या का स्थलीय निरीक्षण किया। बताया गया कि रेलवे द्वारा कुलावा और नाला पाट दिए जाने से पुरैनी सहित आसपास के 10 से 12 गांवों के वर्षा जल की निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे बरसात में जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न होने की आशंका है। निरीक्षण के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर मौजूद अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने उपजिलाधिकारी, रेलवे अधिकारियों, चकबंदी विभाग के अधिकारियों, लेखपाल और कानूनगो को समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।