प्रस्तावित विंध्य एक्सप्रेसवे परियोजना को लेकर किसानों का विरोध अब खुलकर सामने आने लगा है। बृहस्पतिवार को चिरईगांव में भारतीय किसान संगठन की बैठक में बड़ी संख्या में किसानों और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया तथा परियोजना के लिए उपजाऊ कृषि भूमि के अधिग्रहण पर गहरी चिंता जताई। किसानों ने स्पष्ट कहा कि विकास के नाम पर उनकी खेती और आजीविका को नुकसान पहुंचाने वाली किसी भी योजना को स्वीकार नहीं किया जाएगा। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों की अनदेखी की गई तो व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा।