विभूति नगर नई बस्ती बड़ी नहर स्थित मां गायत्री एवं प्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बुधवार को गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर वैदिक मंत्रों और धार्मिक अनुष्ठानों से गुंजायमान रहा। गुरु पूर्णिमा पर्व पर विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। शांतिकुंज हरिद्वार से आए व्यास अनिल सिंह के नेतृत्व में गायत्री परिवार से जुड़े श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से गायत्री महामंत्र का जप किया। इसके साथ ही पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ, विभिन्न संस्कार संपादन, पूजन और संगीत प्रवचन का आयोजन हुआ। इस अवसर पर आयोजित भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर चकिया के भाजपा विधायक कैलाश आचार्य, चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, प्रभात जायसवाल, कैलाश जायसवाल, भाजपा मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता, सभासद केसरी नंदन, ज्योति गुप्ता, विनीत प्रजापति, शिवरतन गुप्ता, राजकुमार जायसवाल, सुजीत जायसवाल, चंद्रेश सिंह, आलोक जायसवाल आदि उपस्थित रहे। शिकारगंज संवाददाता के अनुसार क्षेत्र के मुड़हुआ दक्षिणी स्थित जय गुरुदेव आश्रम में सुबह से ही अनुयायियों का पहुंचना शुरू हो गया था। वहीं प्रभु नारायणपुर स्थित भुसिया कबीरपंथी मठ पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर मंदिरों, आश्रमों और मठों में धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया। क्षेत्र के जागेश्वरनाथ धाम स्वयंभू शिवलिंग का भी श्रद्धालुओं ने दर्शन पूजन कर गुरु पूर्णिमा पर्व मनाया।