सावन माह की शुरुआत के साथ ही श्रद्धा और भक्ति का माहौल पूरे क्षेत्र में छा गया है। सावन के पहले सोमवार को भगवान शिव को जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ियों के जत्थे रविवार की रात साहूपुरी से वाराणसी काशी विश्वनाथ मंदिर की ओर रवाना होंगे। यह जत्था पीडीडीयू नगर जंक्शन से होते हुए साहूपुरी, पंडित दीनदयाल उपवन पड़ाव मार्ग होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचेगा। इस मार्ग से छित्तमपुर, कमलापुर, बल्देवनगर, तारनपुर, सींघीताली, हृदयपुर, पुरैनी, खजूरगांव, एकौनी, हथेरवा, भूजहुंवा, सैदपुरा, खुटहां, साहूपुरी, ब्यासपुर, चांदीतारा, नीबूपुर, फत्तेपुर, मन्नापुर, गोबिनापुर, हरिहरपुर, बरेली, उसरापर, परोरवा, बगही, बखरा, नाथूपुर समेत कुल 26 गांवों के शिवभक्त कांवड़ यात्रा करते हैं। हालांकि बीते दिनों अमर उजाला ने इस मार्ग की खस्ताहाल स्थिति और गड्ढों से भरी सड़क को लेकर खबर प्रकाशित की थी, जिस पर संज्ञान लेते हुए शनिवार को लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा सड़क के गड्ढों को भरने का कार्य तेजी से किया गया। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बड़ी राहत मिली है। कांवड़िए दर्शन-पूजन के बाद वापसी में प्राचीन वेदों व्यास मंदिर, साहूपुरी में जलाभिषेक कर अपने गांव लौटते हैं। पहले सोमवार को कांवड़ियों की भारी भीड़ को देखते हुए अब यह मार्ग सुरक्षित और सुगम हो गया है। श्रद्धालुओं ने पीडब्ल्यूडी विभाग के इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।