पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राणा प्रताप सिंह ने रविवार को चंद्रप्रभा और गड़ई नदी की प्रस्तावित खुदाई परियोजना के तहत ग्राम उसरौड़ी, हसनपुर रेगुलेटर, पाण्डेयपुर और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के साथ मौके पर पहुंचकर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि आगामी 4 जून 2026 को प्रदेश के जल शक्ति मंत्री द्वारा चंद्रप्रभा एवं गड़ई नदी खुदाई परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के किसानों के लिए लाभकारी साबित होगी और लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या का समाधान करेगी।उन्होंने कहा कि वर्षों से नदी की खराब स्थिति और जल निकासी की समस्या के कारण सैकड़ों गांवों की हजारों एकड़ कृषि भूमि प्रभावित हो रही थी। नदी की सफाई और खुदाई से जल निकासी व्यवस्था में सुधार होगा, जिससे किसानों को राहत मिलने के साथ कृषि उत्पादन में भी वृद्धि होगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों के साथ नदी की चौड़ाई एवं खुदाई के मानकों पर भी चर्चा की गई।