फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रतिमा को 11 लीटर दूध से कराया गया अभिषेक, श्रद्धांजलि सभा की सभी तैयारियां पूरी; VIDEO

Aman Vishwakarma Updated Wed, 03 Jun 2026 06:44 PM IST

महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं पूर्व विधायक स्व.गंजी प्रसाद की 29वीं पुण्यतिथि सोमवार को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जाएगी। पुण्यतिथि समारोह को लेकर चकिया तिराहे स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम के तहत हवन-पूजन, माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा, इसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में समर्थकों के शामिल होंगे। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बाबूलाल यादव ने बताया कि सोमवार की सुबह प्रतिमा स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन का आयोजन होगा। इसके बाद स्व. गंजी प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे इसके बाद श्रद्धांजलि सभा में उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डाला जाएगा। पुण्यतिथि समारोह की तैयारी में रविवार को उनके पौत्र एवं जिला पंचायत सदस्य मुलायम सिंह यादव ने चकिया तिराहे स्थित प्रतिमा का 11 लीटर दूध से दुग्धाभिषेक कराया। इसके साथ ही प्रतिमा स्थल की विशेष साफ-सफाई कराई गई तथा पूरे परिसर को आकर्षक झालरों और सजावटी सामग्री से सजाया गया। शाम तक प्रतिमा स्थल श्रद्धा और सम्मान के माहौल से सराबोर दिखाई दिया। इस अवसर पर पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने बताया कि स्व. गंजी प्रसाद 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी के कारण उन्हें अंग्रेजी हुकूमत द्वारा दो वर्ष 15 बेतों की कठोर सजा भुगतनी पड़ी थी। स्वतंत्रता प्राप्ति के बाद भी उन्होंने जनसेवा को अपना लक्ष्य बनाए रखा और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 1948 में स्व. गंजी प्रसाद जिला बोर्ड वाराणसी के सदस्य निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 1962 में नियामताबाद ब्लॉक प्रमुख चुने गए। राजनीतिक जीवन में उनकी लोकप्रियता लगातार बढ़ती रही और वर्ष 1973-1974 में मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र से विधायक निर्वाचित होकर उन्होंने क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने का कार्य किया। वर्ष 1977 में भी जनता ने उन पर विश्वास जताते हुए पुनः विधानसभा भेजा। पूर्व सांसद ने बताया कि वर्ष 1989 में स्व. गंजी प्रसाद निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में विधानसभा चुनाव जीतकर पहुंचे थे। उस समय उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन देकर प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अपने सादगीपूर्ण जीवन, जनसरोकारों और संघर्षशील व्यक्तित्व के कारण वे आज भी क्षेत्र की जनता के बीच सम्मानपूर्वक याद किए जाते हैं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें