चहनिया क्षेत्र के ग्राम हिनौता में नव-निर्मित शिव मंदिर में शिव परिवार तथा अन्य देवी-देवताओं के विग्रहों की प्राण-प्रतिष्ठा के पावन अवसर पर सावन मास की त्रयोदशी सोमवार को अत्यंत भव्य एवं दिव्य कलश यात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, डीजे और दर्जनों हाथी, घोड़ों व ऊँटों के साथ निकली इस शोभायात्रा में भक्ति का अनोखा संगम देखने को मिला। कलश यात्रा में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा और बच्चे अपने हाथों में कलश लेकर माँ भागीरथी के पवित्र बलुआ तट पहुंचे। श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान और ध्यान के पश्चात पवित्र जल से कलश भरा और पुनः मंदिर परिसर की ओर प्रस्थान किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालु हरिनाम कीर्तन और धार्मिक धुनों पर झूमते-गाते मंद-मंद गति से आगे बढ़ रहे थे, जो पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र बना रहा। चारों तरफ 'हर-हर महादेव' के गगनभेदी जयकारों से पूरा क्षेत्र शिवमय हो उठा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय ग्रामीण युवाओं ने कतारबद्ध होकर यात्रियों को सुरक्षित चलने की नसीहत दी और यात्रा को सुगम बनाने में सराहनीय योगदान दिया।