टांडाकला ग्राम सभा स्थित गंगा घाट पर मां घटवारी व मां शायर का वार्षिक भव्य श्रृंगार उत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी इस धार्मिक आयोजन का भव्य रूप से आयोजन मुंबई प्रवासी एवं मूल निवासी सुरेश निषाद (ठेकेदार) द्वारा कराया गया। दो दिनों तक चले इस धार्मिक उत्सव से पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा और गंगा घाट से लेकर बाजार तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही। धार्मिक कार्यक्रम की शुरुआत गुरुवार को दोपहर 12 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ हुई। विद्वान पंडितों द्वारा पूजा-अर्चना के बाद मां घटवारी और मां शायर का आकर्षक श्रृंगार किया गया। माता रानी को नए वस्त्र, आभूषण और सुगंधित फूलों की मालाएं पहनाई गईं, जिससे दरबार की भव्यता देखते ही बन रही थी। उत्सव का मुख्य आकर्षण 24 घंटे का अखंड हरि कीर्तन रहा। भव्य दरबार में बाहरी एवं स्थानीय कलाकारों ने भक्ति गीतों और हरिनाम संकीर्तन से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्ति रस की गूंज सुनाई देती रही। कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के साधु-संतों को आदरपूर्वक आमंत्रित कर भोजन कराया गया। इसके बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। भक्त सुरेश निषाद के सौजन्य से पश्चिम बंगाल से आए कारीगरों ने विशेष झालरों और आकर्षक लाइटिंग से पूरे दरबार को सजाया था। गंगा घाट से मुख्य बाजार तक की सजावट लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही। सुरेश निषाद ने बताया कि मां घटवारी की कृपा से वे लगातार इस महीने में इस धार्मिक उत्सव का आयोजन कराते आ रहे हैं। आयोजन को सफल बनाने में साजन साहू, अनिल निषाद, दिलीप निषाद, विजय निषाद, जितेंद्र निषाद सहित क्षेत्र के ग्रामीणों और श्रद्धालुओं का सराहनीय सहयोग रहा।