चंदौली में गड़ई नदी में चल रहे खुदाई कार्य का सपा पूर्व सांसद रामकिशुन यादव ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खुदाई कार्य की प्रगति, गुणवत्ता और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कार्य में अव्यवस्था और मानकों के अनुरूप कार्य न होने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। पूर्व सांसद ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से कहा कि गड़ई नदी क्षेत्र के किसानों, ग्रामीणों और आमजन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण जल स्रोत है। बरसात के दौरान नदी की सफाई और गहरीकरण सही ढंग से होने पर जल निकासी की समस्या कम होगी और खेतों में जलभराव से राहत मिलेगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रामकिशुन यादव ने निर्देश दिया कि खुदाई कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जाए। उन्होंने कहा कि नदी की खुदाई का उद्देश्य केवल औपचारिकता पूरी करना नहीं, बल्कि जल संरक्षण, भूजल स्तर में सुधार और किसानों को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराना है। यदि कार्य सही तरीके से किया जाएगा तो इसका लाभ लंबे समय तक क्षेत्रवासियों को मिलेगा।