पीडीडीयू नगर। नगर के न्यू महाल इलाके में सोमवार दोपहर एक गोलगप्पा निर्माण कारखाने में शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा तैयार माल, कच्चा सामान और मशीनें जलकर खाक हो गईं। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोपहर में लगभग 12 बजे अचानक कारखाने से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं। आग फैलते ही आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दमकल टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल कर्मियों ने आग को आसपास के रिहायशी मकानों तक फैलने से रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।कारखाना संचालक भरत ने बताया कि आग लगने से लगभग चार लाख रुपये का नुकसान हुआ है। तैयार गोलगप्पे, आटा, सूजी, तेल, पैकिंग सामग्री समेत कई जरूरी सामान पूरी तरह जल गए। आग की चपेट में आने से मशीनें भी खराब हो गईं। उन्होंने बताया कि कारखाने में परिवार के सदस्यों सहित करीब 40 से 50 लोग काम करते हैं। गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। घटना के समय कारखाने में कम लोग मौजूद थे। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हैं। वहीं स्थानीय लोगों ने रिहायशी इलाकों में संचालित कारखानों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए फायर सेफ्टी उपकरण अनिवार्य करने की मांग की है।