अलीनगर थाना क्षेत्र में पत्रकारों की सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। चोरी से बिजली के खंभों के तार बेचने की खबर प्रकाशित करने से नाराज दबंगों ने एक पत्रकार के साथ मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने अलीनगर थाने में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) के अलीनगर थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। पीड़ित पत्रकार के अनुसार, खबर प्रकाशित होने के बाद उनके मोबाइल फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। जब पत्रकार ने इसका विरोध करते हुए सामने आने की बात कही और बताए गए स्थान पर पहुंचे, तो वहां पहले से ही लगभग एक दर्जन लोग मौजूद थे। पत्रकार के वहां पहुंचते ही दबंगों ने अचानक हमला कर दिया और मारपीट शुरू कर दी। किसी तरह पत्रकार ने इसकी सूचना डायल 112 पर दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर वाहन से फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के इलाकों में खोजबीन की, लेकिन देर रात तक आरोपियों का कोई सुराग नहीं लग सका। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। इस घटना को लेकर नगर के पत्रकारों में आक्रोश और शोक का माहौल है। पत्रकारों का कहना है कि एक ओर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर गंभीरता की बात करते हैं, वहीं दूसरी ओर जमीनी स्तर पर आए दिन पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि अब देखना यह होगा कि जिले के पुलिस कप्तान इस घटना को कितनी गंभीरता से लेते हैं और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर क्या ठोस कदम उठाए जाते हैं।