यातायात नियमों की अनदेखी कर सड़कों पर ओवरलोड ट्रैक्टर फर्राटा भर रहे हैं। पड़ाव के भोजपुर-डोमरी मार्ग पर बृहस्पतिवार को ऐसा ही खतरनाक नजारा देखने को मिला, जहां ट्रैक्टर पर क्षमता से कई गुना अधिक लोगों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। ट्रैक्टर के इंजन पर सामान्य तौर पर केवल दो लोगों के बैठने की जगह होती है, लेकिन यहां उसी स्थान पर दोनों ओर चार-चार लोग बैठे हुए थे। इसके अलावा चार लोग पीछे लगे पतले लोहे के रॉड पर बैठकर सफर कर रहे थे। इस दौरान ट्रैक्टर तेज रफ्तार से सड़क पर दौड़ता दिखाई दिया। ऐसी स्थिति में जरा सी असावधानी या वाहन का संतुलन बिगड़ने पर बड़ा हादसा हो सकता है। सड़क सुरक्षा नियमों के अनुसार ट्रैक्टर का उपयोग मुख्य रूप से कृषि कार्यों के लिए किया जाता है, लेकिन कई बार इसका इस्तेमाल लोगों को ढोने के लिए भी किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह के मामलों पर कार्रवाई नहीं होने से लापरवाही लगातार बढ़ रही है। लोगों ने यातायात विभाग और पुलिस प्रशासन से ऐसे वाहनों पर कार्रवाई की मांग की है, ताकि संभावित हादसों को रोका जा सके।