चंदौली पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक ट्रक से पंजाब निर्मित भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद करते हुए दो अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद बीयर की अनुमानित कीमत करीब 61 लाख रुपये बताई जा रही है। एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुखबिर से सूचना मिली कि वाराणसी से बिहार जाने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग पर संदिग्ध ट्रक गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर चौकी नवीन मंडी के सामने घेराबंदी कर ट्रक संख्या एमएच-18-बीजी-7712 को रोका गया। तलाशी के दौरान ट्रक में भूसी की आड़ में छिपाकर रखी गई कुल 1210 पेटी ''हावर्ड 500'' ब्रांड की अवैध अंग्रेजी बीयर बरामद की गई।