चंदौली जिले में निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही और अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा दोषी कार्यदायी संस्थाओं और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बैठक में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं के अलावा प्रोजेक्ट अलंकार, आंगनवाड़ी केंद्र निर्माण, जल जीवन मिशन, त्वरित पूर्वांचल निधि, विधायक निधि (मैप एमएलए), क्रिटिकल गैप्स योजना तथा सीएमआईएस पोर्टल पर दर्ज परियोजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई।