अलीनगर स्थित नक्षत्र लॉन के प्रांगण में भारत सरकार द्वारा प्रायोजित नागरिक सुरक्षा वार्डेन और स्वयंसेवकों का सप्ताहांत क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम सोमवार को प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ डीएम चन्द्र मोहन गर्ग ने किया। इस अवसर पर एडीएम वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. ए.के. राय, एसडीएम अनुपम मिश्रा, अधिशासी अधिकारी न.पा.प. राजीव मोहन सक्सेना रहे। डीएम चन्द्र मोहन गर्ग ने कहा कि कर्तव्यों के निर्वहन के लिए प्रशिक्षण अत्यंत आवश्यक है। यदि व्यक्ति प्रशिक्षित हो तो वह किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपट सकता है। उन्होंने नागरिक सुरक्षा वालंटियर्स द्वारा पूर्व में किए गए सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रशिक्षण के बाद उनकी कार्यक्षमता में और निखार आएगा। सोमवार को 90 प्रशिक्षणार्थियों के बैच को एनसीसी युद्ध आपदा अधिकारी एवं वरिष्ठ सहायक उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर द्वारा नागरिक सुरक्षा के नियमों और कार्यशैली की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का संचालन स्टाफ ऑफिसर कमलेश तिवारी ने किया।