चंदौली जिले के सैयदराजा थाना क्षेत्र में हत्या और डकैती के मामले में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश राजू मुसहर को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को समइया पट्टीदारी के पास सैयदराजा पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। एसपी आकाश पटेल ने बताया कि 15 दिसंबर 2025 को सैयदराजा थाना क्षेत्र के तिनधुआं गांव में हत्या समेत डकैती की वारदात हुई थी। घटना में कुल सात अभियुक्त शामिल थे। इनमें पांच अभियुक्तों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि दो आरोपी फरार चल रहे थे। इन्हीं में बिहार के कैमूर (भभुआ) जिले के नुआंव थाना क्षेत्र के सतोपती निवासी राजू मुसहर भी शामिल था। उसकी गिरफ्तारी पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।