चंदौली जिले में नौगढ़ विकासखंड के भैंसोड़ा गांव में जिला पंचायत की लापरवाही और कथित भ्रष्टाचार का मामला उजागर हुआ है। लगभग डेढ़ सौ आबादी वाले मोहल्ले में नाली निर्माण का कार्य शुरू किया गया था, लेकिन चार महीने पहले कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। नाली का आधा हिस्सा अब भी खुला पड़ा है, जिससे ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि अधूरी नाली से बदबू फैल रही है, गंदगी जमा हो रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। नाली पर ढक्कन न होने से दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। हाल ही में गांव में एक मृत्यु के दौरान जनाजा ले जाने में भी ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।