धानापुर विकासखंड के रैथा गांव स्थित सिंचाई डाक बंगला से सिलौटा गांव तक मुख्य नहर की दाहिनी पटरी पर बनी सड़क लगभग एक किलोमीटर तक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी मिट्टी के कारण ग्रामीणों का आवागमन काफी मुश्किल हो गया है। विशेष रूप से महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को रोजाना भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। रैथा गांव निवासी प्रवीण राय ने बताया कि यह मार्ग पिछले कई वर्षों से खराब स्थिति में है, लेकिन आज तक इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। सड़क की जर्जर हालत के कारण मरीजों और स्कूल जाने वाले बच्चों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से सड़क की शीघ्र मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारू रूप से बहाल हो सके।