ग्राम्या संस्थान और इब्तिदा नेटवर्क के संयुक्त तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला हिंसा विरोधी पखवाड़ा अभियान के तहत रविवार को नौगढ़ थाने से बाजार तक कैंडल मार्च निकाला गया। प्रतिभागी ने '1090 पर फोन करो महिला हिंसा बंद करो', 'लड़की-लड़का एक समान, सबको शिक्षा-सबको ज्ञान', 'महिला हिंसा बंद करो, बंद करो', 'किशोरियों ने ठाना है, अपना अधिकार पाना है', आदि नारा लगाते लोगों को जागरूक किया। संस्थान की निदेशक बिंदु सिंह ने बताया कि आज भी लड़की व लड़के में भेदभाव, महिला- पुरुष में सामाजिक, आर्थिक असमानताएं दिखती हैं जो समाज में गैरबराबरी पैदा करती हैं। इस दौरान विभिन्न टोल फ्री नंबरों जैसे 112, 1090, 181 आदि के उपयोग के बारे में लोगों को जागरूक किया गया। नीतू ने कैंडल मार्च की अगुवाई करते हुए पूरे रास्ते नारे लगाए। कैंडल मार्च में लालतापुर, बसौली, झुमरिया, अमदाहा, डुमरिया, मरवटिया, भैसोड़ा आदि गांव से रागिनी, अनुराधा, चंचल, काजल, अवधेश, नीतीश एवं ग्राम्या संस्थान से सुरेंद्र, मन्नू, राजेश, रामविलास, श्रीराम, बाघी प्रधान पति दीपक गुप्ता, लौवारी प्रधान जसवंत यादव कल्याण आदि लोगों ने प्रतिभाग किया।