नियामताबाद गांव स्थित एक राइस मिल के पास रविवार शाम 9 वर्षीय बालक धीरेन्द्र सिंह घबराए हालत में भागते हुए एक दुकान में जा घुसा। वह दुकान में रोने लगा। बाद में पता चला कि बच्चे को कुछ लोग जबरन उठा कर बाइक से कहीं ले जा रहे थे। वह उनके चंगुल से भाग निकला है। ग्रामीणों ने बाइक चालकों की तलाश की लेकिन उनका पता नहीं चला। गांव में राइस मिल के समीप शुभम श्रीवास्तव की दुकान है। रविवार की शाम शुभम दुकान पर बैठे थे और दुकान पर गांव के कुछ और लोग बैठे थे। इसी बीच एक बच्चा दौड़ कर आया और दुकान में छिप कर रोने लगा। दुकानदार शुभम श्रीवास्तव ने बच्चे को संभाला। शांत होने पर बच्चे ने बताया कि उसका नाम धीरेंद्र है और वह इलिया थाना के खरौझा गांव निवासी गौरव सिंह का पुत्र है। बताया कि बाइक सवार दो लोग उसे जबरन बाइक से कहीं ले जा रहे थे। किसी तरह उनके चंगुल से भाग कर आया हूं। ग्रामीणों ने आस पास बाइक सवारों की तलाश की लेकिन पता नहीं यला। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसआई सभाजीत यादव बच्चे को थाने ले गए और पूछताछ की। इस मामले में अलीनगर थानाध्यक्ष घनश्याम शुक्ला ने बताया कि परिजनों को सूचना दी गई है। वहीं मामले की जांच की जा रही है।