रेलवे के यूरोपियन कॉलोनी और बाकले खेल मैदान में टहलने आने वालों का प्रवेश रोक दिए जाने से नाराज लोगों ने बृहस्पतिवार की सुबह नारेबाजी की। चेतावनी दी कि यदि तानाशाही रवैया को नहीं छोड़ा गया और टहलने पर रोक लगाई जाएगी तो रेलवे के अधिकारियों को बाजार आने से रोक दिया जाएगा। रेलवे लगातार अपने इलाके को सुरक्षित करने के लिए रेलपरिसर को बाउंड्री कर घेरने में लगी है। इसी क्रम में रेलवे के सबसे वीआईपी कॉलोनी माने जाने वाले इलाके को बाउंडीवाल कर और बैरिकेडिंग कर घेर दिया गया है। नगर के अधिकतर लोग सुबह यूरोपियन कॉलोनी में बाकले खेल मैदान के आस पास टहलने के लिए जाते हैं। बृहस्पतिवार को उन्हें भी रोक दिया गया। इससे क्षेत्रवासी आक्रोशित हो गए और नारेबाजी शुरू कर दी। इस दौरान अधिवक्ता संतोष कुमार पाठक ने कहा कि बाकले ग्राउंड पं. दीनदयाल उपाध्याय नगर के लोगों की लाइफ लाईन है। वर्षों से नगर के लोगों के लिए स्वच्छ हवा के साथ टहलने का स्थान है। नगर के लोग रोज इस ग्राउंड में सुबह मॉर्निंग वॉक करने आते हैं। हम नगर के लोग थोड़ा सा स्वास्थ्य लाभ रोज ले लेते हैं, इससे डीआरएम साहब को परेशानी हो रही है। स्वच्छ हवा में मॉर्निंग वॉक नगर के लोग करते हैं और यहां के लोगों का यह मौलिक अधिकार भी है, इससे कोई भी अधिकारी छिन नहीं सकता। चेताया कि नगर के लोगों को बाकले ग्राउंड में प्रवेश से रोका गया, तो डीआरएम सहित अधिकारियों को बाजार में प्रवेश से रोक दिया जाएगा। इस अवसर पर राम लखन, अवधेश प्रसाद, रामसकल, महेंद्र चौहान, नवीन, शीतल आदि मौजूद रहे।