सैयदराजा के पूर्व विधायक मनोज सिंह डब्लू ने बृहस्पतिवार को सोगाई पम्प कैनाल से निकली नहर की लाइनिंग में घटिया ईंटों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि मौके पर ईंट की गुणवत्ता जांची, जो छूते ही धूर में बदल गई। उन्होंने कहा कि मानक से इतर सामग्री उपयोग होने से निर्माण टिकाऊ नहीं रहेगा और किसानों को नुकसान झेलना पड़ेगा। पूर्व विधायक ने सिंचाई विभाग के जेई, एक्सईएन समेत जिम्मेदार अभियंताओं पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि ठेकेदार की मनमानी पर कोई रोक नहीं है। उन्होंने जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग से निर्माण की गुणवत्ता परीक्षण और दोषी अभियंताओं-ठेकेदार पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मानक के अनुरूप काम न हुआ तो किसान आंदोलन को बाध्य होंगे। मौके पर दयाराम यादव, गुरुप्रकाश यादव, हेमंत कन्नौजिया सहित कई लोग मौजूद रहे।