सावन माह के दूसरे सोमवार को चतुर्भुजपुर स्थित स्वयंभू कालेश्वर महादेव मंदिर और सकलडीहा के महेश्वर नाथ मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही शिवालयों में श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की लंबी कतार लग गई। हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। कालेश्वर महादेव मंदिर में कांवड़ियों की भीड़ तड़के तीन बजे से ही जुटने लगी थी। मंदिर के पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। महिलाओं ने व्रत रखकर बेलपत्र, धतूरा, जल, दही और कनेर के फूल सहित विभिन्न पूजन सामग्री के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।